
इंदौर। शनिवार को पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान हत्या में शामिल राजा की पत्नी सोनम और उसके करीबी राज कुशवाह को शिलांग कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. दोनों आरोपियों को अब शिलांग के डेमथ्रिंग जेल में रखा गया है.
इससे पहले पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही थी, जिसमें कई चौंकाने वाले पहलुओं का खुलासा हुआ.
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या को पूर्व नियोजित बताया है. राजा की हत्या 2 जून को मेघालय में हुई थी और उसका शव एक खाई में मिला था. जांच में सामने आया है कि राजा की हत्या पेड़ काटने वाले हथियार से की गई थी. शक की सुई सोनम और राज की ओर तब मुड़ी, जब कई विरोधाभासी तथ्य सामने आने लगे. वहीं शिलांग में पुलिस को दिए गए बयानों और घटनाक्रमों में बार-बार अंतर भी सामने आया था. यही नहीं सोनम के व्यवहार और राज की संदिग्ध गतिविधियों ने मामले को और गहरा बना दिया. अब जब दोनों मुख्य आरोपियों को जेल भेज दिया है, तब यह सवाल गहराता जा रहा है कि इस हत्याकांड की साजिश किस स्तर तक फैली हुई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी कई अहम कड़ियों की जांच शेष है, जिनके आधार पर आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं. अब जब जांच धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है, सभी इस मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं .
