
इंदौर। तिलकनगर थाना क्षेत्र में महिला से चैन छीनने की वारदात में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के दौरान बाइक से गिरने पर आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है, पुलिस ने छीनी गई चैन भी बरामद कर ली है.
पुलिस के अनुसार, 16 मई की शाम करीब 6 बजे महावीर नगर निवासी डॉ. कीर्ति तिवारी मंदिर जा रही थीं. महावीर नगर गार्डन के पास काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और पीछे बैठे आरोपी ने उनके गले से चैन झपट ली. झटके से महिला नीचे गिर गई। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे एक आरोपी मौके पर ही भीड़ के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर फरार हो गया. पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम जाहिद उम्र 50 साल निवासी छापीहेड़ा, जिला राजगढ़ बताया, जबकि फरार साथी का नाम बाबू उर्फ गुफरान अली निवासी पचौर बताया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने लाकर पूछताछ शुरू की. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपए कीमत की सोने की चैन बरामद की है. पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट और चोरी के मामले दर्ज हैं. गिरने से आरोपी के हाथ पैर में चोट आई है, जिसके चलते उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में इलाज करवाया गया. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
