सतना :मानिकपुर सतना रेलखण्ड पर चितहरा और खुटहा रेलवे स्टेशन के बीच एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. जिसके बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन के लोको पायलट द्वारा स्टेशन प्रबंधक चितहरा को इस बात की सूचना दी गई कि चितहरा और खुटहा रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है.
जिसे देखते हुए स्टेशन प्रबंधक द्वारा मेमो जारी करते हुए पुलिस को घटना के संबंध में सूचित किया गया. जिसके आधार पर मझगवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. शव को कब्जे में लेने के बाद मृतक की पहचान के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी. जिसे देखते हुए शव को मर्चुरी के लिए भेज दिया गया. लेकिन कुछ देर बाद मृतक के पास से मिले एक दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान सामने आ गई.
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नीतीश कुमार मुखिया पिता रामप्रकाश उम्र 22 वर्ष निवासी केवटगवां जिला दरभंगा बिहार के तौर पर हुई. इसी कड़ी में यह जानकारी भी सामने आई कि नीतीश खण्डवा से पटना तक की यात्रा कर रहा था. पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर मृतक के परिजन रवाना हो गए. हलांकि पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी गई है. लेकिन प्रथम दृष्ट्या यह संभावना जताई जा रही है कि ट्रेन में यात्रा के दौरान नीचे गिरने की वजह से यात्री की मौत हो गई होगी.
