सतना :जबलपुर से सतना की यात्रा कर रही एक महिला के ट्राली बैग से 20 हजार की नकदी सहित एटीएम व अन्य आवश्यक दस्तावेज पार हो गए. जिसे देखते हुए महिला द्वारा जीआरपी ने शिकायत की गई. जीआरपी ने जीरो में प्रकरण दर्ज कर उसे संबंधित क्षेत्र के थाने के लिए भेज दिया.प्राप्त जानकारी के अनुसार यादव कालोनी जबलपुर निवासी महिला और पेशे से शिक्षक श्रीमती चंद्रवती तिवारी शनिवार की देर रात 11273 इटारसी छिवकी प्रयागराज एक्सप्रेस में सवार हुईं.
वे ट्रेन के एस-2 कोच में बर्थ क्र. 57 पर बैठकर यात्रा कर रही थीं. श्रीमती तिवारी के अनुसार ट्रेन चलने के कुछ देर बाद उन्हें नींद आ गई. काफी समय बाद जब उन्होंने अपने बैग पर ध्यान दिया तो उस पर लगा ताला टूटा नजर आया. लिहाजा उन्होंने बैग खोलकर जांच शुरु की. लेकिन यह देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई कि बैग में एक स्थान पर संभाल कर रखे 20 हजार रु, एटीएम कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज नदारद हो चुके थे.
उन्होंने आशंका जताई कि संभवत. कटनी और मैहर रेलवे स्टेशन के बीच अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया होगा. लिहाजा रविवार की सुबह ट्रेन के सतना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने जीआरपी उप थाने में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. जीआरपी द्वारा जीरो में प्रकरण दर्ज करने के बाद उसे संबंधित जीआरपी थाने के लिए भेज दिया गया. इसी कड़ी में जीआरपी द्वारा घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है
