
सागर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में सागर संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि निर्धारित दिवसों में किसी भी स्थिति में शासकीय राशन दुकानें बंद न हों। बैठक के दौरान उन्होंने ई-केवाईसी कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर गहरी नाराजगी जताई और सभी जिला आपूर्ति अधिकारियों को इसे तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने संदिग्ध राशन कार्डधारियों के मामलों में धीमी गति से हो रही कार्यवाही पर असंतोष व्यक्त किया और संयुक्त संचालक को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। बैठक में खाद्यान्न उठाव और जिलेवार आवंटन की समीक्षा की गई। माध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के लिए कम खाद्यान्न उठाव पर भी अधिकारियों से प्रतिवेदन मांगा गया।
कमिश्नर ने बैठक में खाद्यान्न उठाव से संबंधित भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करने पर कड़ी नाराजगी जताई और इस लापरवाही के लिए निवाड़ी और टीकमगढ़ के सहायक जिला आपूर्ति अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
