
देवास। शहर में जुए-सट्टे के अड्डों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद को मिली मुखबिर की पुख्ता सूचना पर शहर के सभी थानों का बल इकट्ठा कर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत माता टेकरी पर दबिश दी, जहां अमीन नामक व्यक्ति द्वारा सट्टे का बड़ा अड्डा संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। उनके पास से ₹2 लाख से अधिक नगद राशि, 2 चार पहिया वाहन, 4 दोपहिया वाहन और 16 मोबाइल फोन जप्त किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह अड्डा पिछले 8 दिनों से कृष्णा कोल्ड्रिंग दुकान पर संचालित हो रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में शाजापुर जिले के पांच लोग भी शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क का असली मास्टरमाइंड कोई और है, जो एक राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उसी की आड़ में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा था। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी और पूरे गिरोह की गहन जांच कर रही है।
