
जबलपुर। खड़की–ढेहर का बालाजी–खड़की साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब नए नंबर के साथ नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलेगी। गाड़ी संख्या 01407/01408 को नियमित करते हुए अब 20105/20106 नंबर दिया गया है। गाड़ी 20105 खड़की से प्रत्येक रविवार सुबह 9.45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8.50 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। वहीं 20106 ढेहर का बालाजी से प्रत्येक सोमवार दोपहर 12 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 9.55 बजे खड़की पहुंचेगी। पश्चिम मध्य रेल के भवानीमंडी, रामगंजमंडी, कोटा और सवाई माधोपुर स्टेशनों पर भी दोनों दिशाओं में ठहराव रहेगा। ट्रेन में 16 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। दोनों दिशाओं में लोनावला, कल्याण, वसई रोड, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, भवानीमंडी, रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा और जयपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। गाड़ी 20105 का संचालन 11 अक्टूबर और 20106 का 12 अक्टूबर से शुरू होगा।
