मुंबई, 06 अक्टूबर (वार्ता) अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने नवी मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर स्वर्ल ट्रांजिट होटल शुरू करने की घोषणा की जिससे विशेष रूप से ट्रांजिट यात्रियों को काफी सुविधा होगी। अडानी एयरपोर्ट्स ने मंगलवार को बताया कि स्वर्ल ट्रांजिट होटल में 80 कमरे उपलब्ध हैं। यात्री चार घंटे के लिए या रात भर रुकने का विकल्प चुन सकते हैं। यह उन यात्रियों के लिए है जो नवी मुंबई में उड़ान बदलेंगे और दोनों उड़ानों के बीच ज्यादा अंतराल है। यहां चौबीसों घंटे खाना और स्नान आदि की सुविधा भी होगी।
इस नयी सुविधा के बारे में अडानी एयरपोर्ट्स में गैर-विमानन कारोबार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुचित बंसल ने कहा कि हवाई अड्डे पर ही होटल होने से यात्रियों को उड़ानों के अंतराल में आराम, काम और तरोताजा होने के बीच विकल्पों में अधिक लचीलापन मिलेगा। आम तौर पर ट्रांजिट यात्रियों को होटल के लिए आसपास के इलाकों में हवाई अड्डे से बाहर जाना पड़ता है। इससे आने-जाने में उनका अतिरिक्त समय जाया होता है। अडानी एयरपोर्ट्स ने आज ही नवी मुंबई हवाई अड्डे पर ताजसैट्स फ्लाइट किचन शुरू करने की घोषणा की। इससे विमान सेवा कंपनियां अपने यात्रियों के लिए ताजा खाना खरीद सकेंगी। अभी इसकी क्षमता रोजाना 7,500 लोगों का खाना तैयार करने की है जिसे बाद में 15,000 तक बढ़ाया जा सकेगा।

