सतना में पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच के लिए संयुक्त जांच दल गठित

सतना :खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के परिपालन में जिले में संचालित सभी पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच के लिए संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। यह कार्यवाही पेट्रोलियम उत्पादों मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल में मिलावट तथा उनकी अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से की जा रही है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय भोपाल से प्राप्त निर्देशों के तहत यह पहल की गई है। इन निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि पेट्रोलियम उत्पाद आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति, वितरण एवं कदाचार की रोकथाम) आदेश, 2005 के अंतर्गत नियंत्रित किए जाते हैं।

अतः इनके वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है।कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जारी आदेशानुसार जिले में गठित जांच दल में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व संबंधित अनुविभाग को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही जिला आपूर्ति अधिकारी/सहायक आपूर्ति अधिकारी, संबंधित तहसीलदार, ऑयल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) के सेल्स ऑफिसर तथा नापतौल विभाग के निरीक्षक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। गठित दल अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्थित सभी पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच करेगा।

जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, ईंधन की गुणवत्ता, नापतौल यंत्रों की शुद्धता तथा डिस्पेंसिंग मशीनों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही संदिग्ध भंडारण स्थलों और अवैध गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। जांच में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करे, ताकि संचालनालय भोपाल को समय-समय पर अवगत कराया जा सके।

Next Post

मोहम्मद बेसिल ने जीता करियर का पहला इंटरनेशनल मेडल, परिवार को समर्पित किया सिल्वर; बोले- ये मेरा…

Thu Jul 30 , 2026
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 21 वर्षीय पैरा स्प्रिंटर मोहम्मद बेसिल ने पुरुषों की 100 मीटर T47 स्पर्धा में 10.83 सेकंड का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता। ग्लासगो, भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पैरा एथलेटिक्स का ऐतिहासिक दिन तब और खास बन गया, जब मोहम्मद बेसिल मोर्सिंगानाकथ ने […]

You May Like