नयी दिल्ली/रायपुर, 26 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित पूसा परिसर में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए।
यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिवराज सिंह चौहान के सार्वजनिक जीवन, आत्मीय संबंधों और कार्य अनुभवों पर आधारित है, जिसमें नेतृत्व, जनसेवा और व्यक्तिगत संवेदनाओं को प्रेरक एवं भावनात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने पुस्तक के प्रकाशन पर श्री चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से समाज तक पहुंचाना एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास जनप्रतिनिधियों के अनुभवों, कार्यशैली और जनसेवा के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में जनसेवा, सुशासन और संवेदनशील नेतृत्व की नई कार्य संस्कृति विकसित हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सार्वजनिक जीवन के अनुभवों पर आधारित यह पुस्तक पाठकों को प्रेरित करेगी तथा नेतृत्व और समाजसेवा के विभिन्न आयामों को समझने का अवसर प्रदान करेगी।
समारोह में केंद्रीय मंत्रीगण, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
