इंदौर:आज से गर्मी के मुख्य 9 दिन शुरू हो रहे हैं, इसको नौ तपा भी कहते है. इस दौरान सूर्य रोहणी नक्षत्र में गोचर करते है. रोहिणी नक्षत्र में हर साल 25 मई से 3 जून तक 9 दिन सूर्य का तेज बढ़ने से भीषण गर्मी पड़ती है. इन नौ दिनों की भीषण गर्मी के बाद मानसून की आहट होती है और कई बार प्री मानसून की बारिश भी हो जाती है. ऐसा भी कहा जाता है कि नौ तपा में बारिश हो जाने के बाद मानसून की बारिश कम होती है.
वहीं रोहिणी में बारिश होने पर रोहणी गलना भी माना जाता है. इस बार मौसम वैज्ञानिकों द्वारा कहा जा रहा है कि रोहिणी के नो दिन तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच ही रहेगा. पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण लू चलेगी और मौसम साफ रहेगा. रात का तापमान भी सामान्य से 1 से 3 डिग्री तक ज्यादा रहेगा. नौ तपा के आखरी 1 से 3 जून के बीच प्री मानसून बारिश या बदल छाए रहने की संभावना है.मौसम पूर्वानुमान में एक बात यह भी है कि रोहिणी के शुरू में तापमान 44 डिग्री तक भी जा सकता है, लेकिन इसकी संभावना ज्यादा नहीं है. रोहिणी नक्षत्र में सूर्य नौ दिन तक रहेंगे.
यही वह समय है जब धरती पर सूर्य की तेज की तेज किरणों से प्रकृति का संतुल बनाए रखने में मदद मिलती है. इन नौ दिनों में कई तरह के कीड़े मकोड़े, चूहों से लेकर सांप और टिड्डों के अंडे नष्ट होते है. इससे फसलों को होने वाले नुकसान में भारी कमी आ जाती है.
ऐसी मान्यता है कि रोहिणी नक्षत्र में खूब गर्मी पड़ने के बाद बारिश अच्छी होती है और फसल भी अच्छी आती है. उक्त नौ तपा में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए शुभ माना जाता है. उसका सिर्फ एक ही कारण है अच्छी बारिश.
