इंदौर:शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात को प्रोत्साहित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा वृहद जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल और चॉकलेट देकर सम्मानित किया गया. वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है.
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन अरविंद तिवारी के मार्गदर्शन में यह अभियान पलासिया, रेडिसन, टॉवर चौराहा और चाणक्यपुरी चौराहा पर चलाया जा रहा है. यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस ने उन्हें फूल और चॉकलेट देकर सम्मानित किया. पलासिया चौराहा पर एक डॉक्टर ने हेलमेट पहनने के फायदे बताए.
उन्होंने कहा कि सिर की चोटें बेहद घातक होती हैं और हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए. टॉवर चौराहा पर एक नागरिक ने खुद हेलमेट पहना था और अपने 6 वर्षीय बेटे को भी हेलमेट पहनाया था. उनकी इस जागरूकता की सराहना पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई. इस दौरान पुलिस ने अनाधिकृत हूटर, बिना नंबर या स्टाइलिश नंबर प्लेट, मोडिफाइड साइलेंसर, गलत दिशा में वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, रेड लाइट उल्लंघन और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की.
यातायात पुलिस ने चौराहों पर माइक से अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की. अभियान के तहत यातायात प्रबंधन मित्रों ने भी अपनी सेवाएं दीं. इस दौरान यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें.
