यश से ज्यादा मेहनती अभिनेता मैंने कभी नहीं देखा : नयनतारा

मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री नयनतारा ने सुपरस्टार यश की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि उन्होंने अपने करियर में कई बड़े सुपरस्टार और अभिनेताओं के साथ काम किया है, लेकिन यश से ज्यादा मेहनती अभिनेता उन्होंने कभी नहीं देखा। बेंगलुरु में हाल ही में ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर नयनतारा ने कहा, “पहली बार जब मैं यश से मिली, तो उनकी पर्दे पर नजर आने वाली बड़ी छवि को उनके व्यक्तित्व में भी देखा। मैंने कभी भी उनसे ज्यादा मेहनती अभिनेता नहीं देखा। सेट पर हर दिन उनके काम करने का तरीका देखकर मैं हैरान होती थी। इस व्यक्ति ने अपने जीवन के साढ़े चार साल दिए।
उन्होंने परिवार और बच्चों के साथ अपने समय का त्याग किया और उनका पूरा ध्यान काम पर था।”उन्होंने कहा कि ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश ने अपने काम के लिए करीब साढ़े चार साल समर्पित किए और इस दौरान परिवार तथा बच्चों के साथ अपने समय का भी त्याग किया। यश की कार्यशैली की जमकर तारीफ करते हुए नयनतारा ने उन्हें ‘रॉकी भाई’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यश की पर्दे पर जैसी बड़ी और प्रभावशाली छवि है, वह असल जिंदगी में भी उसी तरह के हैं।

नयनतारा ने कहा कि यश ने जिस तरह फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास का साथ दिया, वह भी उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने कहा, “मैंने कभी किसी अभिनेता को निर्देशक का इस तरह ख्याल रखते हुए नहीं देखा। अभिनेता, निर्माता और इंसान के तौर पर मेरे मन में यश के लिए बहुत प्यार और सम्मान है।” उन्होंने यश की पत्नी राधिका के योगदान का भी उल्लेख किया। नयनतारा ने कहा कि फिल्मों में कलाकारों और तकनीकी टीम के योगदान की चर्चा तो होती है, लेकिन परिवार के त्याग के बारे में कम बात की जाती है। उन्होंने राधिका को यश की सबसे बड़ी ताकत बताया।

नयनतारा ने फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि गीतू और उनकी मुलाकात करीब 20 वर्ष पहले हुई थी। उन्होंने कहा कि जब गीतू ने उन्हें ‘टॉक्सिक’ की कहानी सुनाने के लिए बुलाया, तो फिल्म में बड़ी संख्या में कलाकारों के होने के कारण वह शुरुआत में थोड़ी हिचकिचाई थीं। उन्होंने कहा, “आपने ट्रेलर देखा है, लेकिन फिल्म आपको हैरान कर देगी। गीतू ने जिस तरह हर कलाकार का ख्याल रखा और जब भी किसी को जरूरत थी, उन्हें प्यार दिया। सभी कलाकारों के अपने मुश्किल पल थे और वह उनका हाथ थामकर उनके साथ खड़ी रहीं।”

नयनतारा ने यह भी बताया कि वह आमतौर पर फिल्मों के प्रचार कार्यक्रमों में शामिल नहीं होतीं। उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि मैं प्रमोशनल इवेंट में नहीं आना चाहती, लेकिन मैं इसमें बहुत अच्छी नहीं हूं। मैं इससे दूर रहती हूं। लेकिन यह फिल्म खास थी। यश ने फोन किया और मेरे लिए यहां आना ही काफी था।” कियारा आडवाणी की तारीफ करते हुए नयनतारा ने कहा कि ‘टॉक्सिक’ उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी। उन्होंने कहा, “कियारा, यह आपके पूरे करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है। ‘टॉक्सिक’ से पहले एक कियारा होगी और ‘टॉक्सिक’ के बाद एक कियारा होगी। यह फिल्म आपकी सबसे बेहतरीन फिल्म होगी।”

उन्होंने रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी की भी प्रशंसा की। रुक्मिणी के बारे में उन्होंने कहा कि वह उनके सफर और उनके द्वारा की जा रही फिल्मों को देखती रही हैं और उन्हें उन पर गर्व है। हुमा के साथ शूटिंग के दौरान बनी दोस्ती को याद करते हुए नयनतारा ने कहा कि दोनों ने साथ काम करते हुए अच्छा समय बिताया। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

.....

Next Post

हर घर तिरंगा अभियान का रैली से हुआ शुभारंभ

Mon Aug 10 , 2026
मऊगंज:सम्पूर्ण देश में 09 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का जिले में रविवार 09 अगस्त को रैली एवं तिरंगा यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ. जिला मुख्यालय में कलेक्ट्रेट से कलेक्टर संजय कुमार जैन के नेतृत्व में निकली इस तिरंगा यात्रा में लोगों ने पूरे […]

You May Like