जमीन विवाद में क्रूरता की हदें पार: कोर्ट का फैसला पक्ष में आने पर बुजुर्ग महिला पर किया जानलेवा हमला

छतरपुर: जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नदगांय बट्टन में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर कथित रूप से कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनका एक स्तन भी काट दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जिकल वार्ड में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नदगांय बट्टन निवासी नन्हीबाई अहिरवार (60), पत्नी खोखा अहिरवार का गांव के कुछ लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन था और हाल ही में फैसला नन्हीबाई के पक्ष में आया था। परिजनों का आरोप है कि अदालत में हार के बाद से ही दूसरे पक्ष के लोग उनसे रंजिश रखने लगे थे और लगातार धमकियां दे रहे थे।
पीड़िता ने बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान गांव के संतोष अहिरवार, शंकर अहिरवार, बब्बू अहिरवार और पूरा अहिरवार वहां पहुंचे और कथित रूप से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने उनका एक स्तन भी काट दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने तत्काल घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और सर्जिकल वार्ड में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमला सुनियोजित था और केवल कोर्ट में केस जीतने की रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

शानदार स्वागत: ढोल-नगाड़ों और आरती के साथ बेगमगंज में हुआ तीन जांबाज अग्निवीरों का अभिनंदन

Tue Jun 30 , 2026
बेगमगंज: छ: माह का सफल प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने गांव लौटे तीन अग्निवीर युवाओं का नगर बेगमगंज में उनके परिजनों, उनके माता पिता ने फूल माला पहना कर तिलक किया इस दौरान तीनों युवा अपने अपने माता पिता भाई बहन से गले मिल कर भावुक हुए और अपने आंसू नहीं […]

You May Like