रिश्ते का कत्ल: नशे में भाई ही बन गया कातिल

रतलाम। लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया जिसने रिश्तों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की कपड़े धोने की मोगरी से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले मेडिकल कॉलेज और फिर इंदौर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मकान सील कर हत्या में प्रयुक्त मोगरी जब्त कर ली है।

औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात लक्ष्मणपुरा निवासी त्रिलोकचंद महावर और उसके छोटे भाई विमल महावर के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर त्रिलोकचंद ने कपड़े धोने की मोगरी से विमल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर हालत में रात करीब 3:30 बजे विमल को उसके जीजा पवन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। बड़े भाई त्रिलोकचंद और जीजा पवन भी उसके साथ इंदौर गए, लेकिन शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान विमल ने दम तोड़ दिया।

इस घटना ने परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया है। पड़ोसियों के अनुसार दोनों भाइयों की शादी नहीं हुई थी और दोनों मजदूरी कर परिवार चलाते थे। मां को कई बार लकवे का अटैक आ चुका है और उनकी देखभाल का अधिकांश जिम्मा विमल ही संभालता था। जिस बेटे के सहारे मां का जीवन चल रहा था, उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

विमल की मौत की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचीं। पुलिस ने मकान सील कर दिया और घटनास्थल से खून से सनी मोगरी जब्त कर ली। एफएसएल टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

घटनास्थल किया सील

 

घटनास्थल का मुआयना कर मकान सील कर दिया गया है। खून से सनी मोगरी जब्त की गई है। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

-गायत्री सोनी, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम

Next Post

लैंड स्लाइड का असर: रतलाम मंडल की कई ट्रेनें निरस्त, कई बदले मार्ग से चलेंगी

Fri Jul 17 , 2026
रतलाम। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और पुणे रेलखंड में हुए लैंड स्लाइड का असर अब पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल पर भी दिखाई देने लगा है। रेल प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया है, […]

You May Like

Play sound