सतना:प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां शारदा धाम परिसर में एक बार फिर तेंदुए की हलचल से हड़कंप मच गया है. शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे रोप-वे के टावर नंबर-3 के पास एक तेंदुआ शांति से बैठा देखा गया. मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क के ठीक समीप तेंदुए की मौजूदगी से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुआ रोप-वे टावर के फाउंडेशन बेस पर शांति से बैठा हुआ था. इस दौरान उसने किसी भी व्यक्ति पर हमला नहीं किया.
वहां मौजूद लोगों ने इस नजारे का अपने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है. मां शारदा मंदिर त्रिकूट पहाड़ी पर स्थित है और इसके आसपास का काफी हिस्सा घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 2-3 महीनों से इस क्षेत्र में लगातार तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है. हालाकि सूचना मिलने के बाद वन अमला अलर्ट मोड पर आ है. तेंदुए की पहचान और उसके मूवमेंट पर कड़ी निगरानी रखने के लिए इलाके में 20 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं.
प्रशासन की अपील
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं तथा स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उनसे अपील की गई है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें.
