नयी दिल्ली (वार्ता) उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में शुक्रवार को एक नये घटनाक्रम में अंकिता के माता-पिता ने यहां केन्द्रीय जांच ब्यूराे (सीबीआई) के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगायी।
अंकिता के पिता वीरेन्द्र सिंह भंडारी तथा माता सोनी देवी ने यहां सीबीआई मुख्यालय में यह मुलाकात की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष और न्याय संगत तरीके से गहन जांच की जाएगी।
अंकिता के माता-पिता ने 14 अक्टूबर को इंडिया गेट पर धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया था और फिर छोड़ दिया था। उनका कहना था कि अंकिता हत्याकांड मामले में जिस ”वीआईपी” का नाम आया है उसे राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उसकी नियुक्ति को सीबीआई जांच पूरी होने तक रद्द कर दिया जाए।
अंकिता भंडारी की सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास हत्या कर दी गयी थी।