नयी दिल्ली, 06 अप्रैल (वार्ता) ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने तेहरान के “शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय’ को निशाना बनाकर किए गए कथित ‘बंकर-बस्टर’ बम हमले की निंदा करते हुए इसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘बर्बरता’ करार दिया है।
स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त श्री आरिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “शरीफ विश्वविद्यालय पर बंकर-बस्टर बम हमला ट्रंप के पागलपन और अज्ञानता का प्रतीक है।”
ईरानी उपराष्ट्रपति ने कहा, “वह (ट्रंप) यह समझने में विफल रहे हैं कि ईरान का ज्ञान कंक्रीट में नहीं दबा है जिसे बमों से नष्ट किया जा सके, असली किला तो हमारे प्रोफेसरों और लोगों की इच्छाशक्ति है।”
श्री आरिफ ने जोर देकर कहा, “इतिहास की कोई भी बर्बरता ईरानी लोगों से विज्ञान को छीनने में कभी सक्षम नहीं हुई है। विज्ञान हमारी आत्माओं में रचा-बसा है और यह किला कभी नहीं ढहेगा।”
गौरतलब है कि सोमवार तड़के हुए इस हमले पर अमेरिका ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। शरीफ विश्वविद्यालय की तुलना अक्सर अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से की जाती है, क्योंकि ईरान में वैज्ञानिक अध्ययन को आगे बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस विश्वविद्यालय से जुड़े कई प्रोफेसरों की पहले भी हत्या की जा चुकी है, जिन पर देश के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े होने के आरोप थे।
