डेरा इस्माइल खान,12 जनवरी(वार्ता) पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग आईईडी हमले में एक पुलिस अधिकारी समेत छह पुलिसकर्मी मारे गये और तीन घायल हो गये। वहीं हिंसा की एक अन्य घटना में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक पुलिस अधिकारी और उसके चचेरे भाई को गोली मार दी। पहला हमला टैंक क्षेत्र में पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी पर हुआ था। इस धमाके में मारे गये पुलिसकर्मियों की पहचान एसएचओ इशहाक अहमद खान, सब-इंस्पेक्टर शेर असलम खान, अरशद अली, ड्राइवर अब्दुल मजीद, हजरत अली और अहसानुल्लाह के रूप में हुई है। दूसरे धमाके में लक्की मारवात के सदर पुलिस स्टेशन इलाके में दारा तंग के पास पुलिस गाड़ी को निशाना बनाया गया था। इसमें एसएचओ रजाक खान समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। हिंसा की घटना कच्ची कथगढ़ क्षेत्र में सैयदवली में हुई। यहां रहने वाले इस्मत नाम के पुलिस अधिकारी और उनके चचेरे भाई को गोली मार दी गयी।
यह हिंसा खैबर-पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में रात भर हुए आतंकवादी हमले के बाद हुई, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया था। पिछले 24 घंटों में आतंकरोधी विभाग (सीटीडी) ने पेशावर और खैबर जिलों में दो खुफिया अभियान कर फितना अल-ख्वारिज से जुड़े छह मोस्ट वांटेड आतंकवादी मार गिराये थे, जबकि कई अन्य भाग गये । प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने टैंक जिले में आतंकवादी हमले में शहीद होने वाले पुलिस कर्मियों के लिए शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं के लिए प्रार्थना की और उनके परिवारों के लिए धैर्य की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत जांच का निर्देश दिया और जिम्मेदार आतंकवादियों को उनके किये की सजा देने की बात दोहराते हुए कहा कि सरकार देश से आतंकवाद समाप्त करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने टैंक में पुलिस वाहन पर हुए आईईडी हमले की कड़ी निंदा की और इसे दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिस अधिकारियों की कुर्बानियाँ व्यर्थ नहीं जाएंगी और पुलिस पर हमले शांति विरोधी तत्वों को उनके उद्देश्यों में सफल नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने भी पुलिस बख्तरबंद वाहन पर हमले की निंदा की। उन्होंने अतिरिक्त एसएचओ सहित शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना की। श्री कुंडी ने कहा कि खैबर-पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवादियों के खिलाफ अग्रिम पंक्ति में लड़ रही है और पुलिस शहीदों की कुर्बानियाँ व्यर्थ नहीं जाएंगी।

