रायबरेली में घर में रखे पटाखों में विस्फोट, बुजुर्ग महिला की मौत, तीन गंभीर

रायबरेली 14 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सलोन तहसील अंतर्गत साहिबगंज इलाके में घर के अंदर रखे पटाखों में हुए जोरदार विस्फोट से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से घायल हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने शनिवार को बताया कि साहिबगंज बाजार में देर रात एक मकान के भीतर रखे पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और आग लग गई। हादसे में फिरोज नामक व्यक्ति की बुजुर्ग मां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार करहिया बाजार चौकी क्षेत्र अंतर्गत साहिबगंज में घायल फिरोज पटाखों का लाइसेंसधारक है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लाइसेंस होने के बावजूद घर के अंदर विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण किया गया था।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। लाइसेंस शर्तों और विस्फोटक भंडारण से जुड़े नियमों की पड़ताल की जा रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Next Post

आयरलैंड ने ओमान के खिलाफ बनाया टी-20 विश्वकप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

Sat Feb 14 , 2026
कोलंबो, 14 फरवरी (वार्ता) कप्तान लोर्कान टकर (नाबाद 94), गैरेथ डेलेनी (56) तथा जॉर्ज डॉकरेल (नाबाद 35) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर आयरलैंड ने शनिवार टी-20 विश्वकप के 22वें मुकाबले में ओमान के खिलाफ टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर पांच विकेट पर 235 रन बनाया है। आज यहां […]

You May Like