विकलांग युवक की सांप के काटने से मौत, हाथों के बल चलता था मृतक

 

ग्वालियर- भितरवार थाना क्षेत्र के ग्राम रही में एक दर्दनाक हादसा हो गया। 35 वर्षीय दिव्यांग युवक की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई।

मृतक की पहचान कारज सिंह पुत्र सिंघारा सिंह निवासी ग्राम रही के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कारज सिंह शारीरिक रूप से अक्षम था और हाथों के सहारे चलता था।

घटना आज सुबह करीब 4 बजे की है। कारज सिंह घर के बाहर बाथरूम के लिए गया था। जमीन पर हाथ रखकर आगे बढ़ते समय उसका हाथ एक सांप पर पड़ गया, जिससे सांप ने उसे काट लिया। काटने के बाद वह तड़पने लगा।

शुरुआत में परिजनों को लगा कि उसे किसी कुत्ते ने काटा है, क्योंकि उस समय कुत्तों के भौंकने की आवाज आ रही थी। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तुरंत भितरवार स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्टि की कि युवक को सांप ने डसा है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भितरवार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पीएम करवाने के बाद मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।

Next Post

निफ्टी-50 से बाहर होगी विप्रो, बीएसई लिमिटेड को किया जायेगा शामिल

Mon Aug 10 , 2026
मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) देश के प्रमुख शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मुख्य सूचकांक निफ्टी-50 में विप्रो की जगह बीएसई लिमिटेड को शामिल किया जायेगा। एनएसई ने सोमवार को बताया कि 29 सितंबर को बाजार बंद होने के बाद विप्रो लिमिटेड निफ्टी-50 की पचास कंपनियों से बाहर हो […]

You May Like