मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) देश के प्रमुख शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मुख्य सूचकांक निफ्टी-50 में विप्रो की जगह बीएसई लिमिटेड को शामिल किया जायेगा।
एनएसई ने सोमवार को बताया कि 29 सितंबर को बाजार बंद होने के बाद विप्रो लिमिटेड निफ्टी-50 की पचास कंपनियों से बाहर हो जायेगी। उसकी जगह बीएसई लिमिटेड को 30 सितंबर से शामिल किया जायेगा।
इसके अलावा लगभग सभी वृहत सूचकांकों और सेक्टरों से जुड़े सूचकांकों में भी कई पुरानी कंपनियों की जगह नयी कंपनियों को जगह दी गयी है। एनएसई की इंडेक्स मेंटेनेंस समिति की छमाही समीक्षा बैठक में यह फैसला किया गया है।
पिछले छह महीने में विप्रो का मुक्त रूप से उपलब्ध बाजार पूंजीकरण औसत 55,930 करोड़ रुपये रहा और वह इस मामले में निफ्टी-50 में सबसे नीचे थी जबकि बीएसई लिमिटेड का 1,40,879 करोड़ रुपये रहा जो पात्रता के लिए जरूरी (विप्रो के) 1.5 गुणा से काफी अधिक है।
