
सीधी। कांग्रेस सरकार ने सीधी को जहां दो-दो कैबिनेट मंत्री दिये, वहीं भाजपा सरकार ने निराश किया। सीधी जिले की चार विधानसभा में एक दशक से तीन विधानसभा में भाजपा का कब्जा है, फिर भी सरकार के मंत्रिमंडल में जगह नही मिली।
कांग्रेस पार्टी द्वारा अविभाजित सीधी जिले से प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा बनाये गये मंत्रियों में यदि नजर दौड़ाई जाए तो सीधी जिले से तीन कैबिनेट मंत्री एवं दो राज्य मंत्री बनाये गये। जिनमें दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में सीधी विधानसभा से निर्वाचित हुये इन्द्रजीत कुमार व चुरहट विधानसभा से अजय सिंह राहुल को कैबिनेट मंत्री एवं अविभाजित सीधी जिले की देवसर विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए वंशमणि वर्मा को राज्य मंत्री बनाया गया था। इसके अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मोतीलाल वोरा के कार्यकाल में सीधी जिले की गोपदबनास विधानसभा से विधायक रहे कमलेश्वर द्विवेदी को भी राज्य मंत्री बनाया गया था। इसके बाद 2018 के विधानसभा चुनाव में सीधी जिले की चार में सिर्फ एक विधानसभा सिहावल से जीतने वाले एकलौते विधायक कमलेश्वर पटेल को कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री बनाया। इधर यदि हम प्रदेश में 20 वर्षों से भाजपा सरकार में सीधी जिले से मंत्री पद देने की ओर नजर दौड़ाई जाये तो अविभाजित सीधी जिले की चितरंगी विधानसभा से जगन्नाथ सिंह को मंत्री बनाया गया था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक मंत्री पद देने में सीधी जिले के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। अब डॉ.मोहन यादव सरकार में भी सीधी जिले को मंत्रिमंडल में कोई जगह नहीं मिली है। ऐसे में जब भी सियासी चर्चा सीधी जिले को लेकर होती है तो लोग यही जाहिर करते हैं कि भाजपा प्रदेश मंत्रिमंडल में सीधी की पूरी तरह से उपेक्षा करने का सिलसिला बरकार रखा गया है। जबकि सीधी से भाजपा को सबसे ज्यादा जीत मिल रही है।
2023 विस चुनाव भाजपा को फिर मिला 3 विस में जीत
2023 में प्रदेश में पुन: बनी भाजपा की सरकार में मंत्री पद के लिये तरस रहे सीधी जिले को मंत्री पद मिलेगा या नही यह आगे मंत्रीमंडल के गठन के विस्तार के बाद ही सामने आयेगा, जबकि इस बार भी सीधी जिले की 4 में से 3 विधानसभा में भाजपा को जीत मिली है। जिसमें सीधी विधानसभा से श्रीमती रीती पाठक, धौंहनी विधानसभा से कुंवर सिंह टेकाम एवं सिहावल विधानसभा से विश्वामित्र पाठक निर्वाचित हुये हैं। विधानसभा चुनाव में सीधी जिले के 4 में से 3 विधानसभा क्षेत्रों में कमल खिला है।
