
वॉशिंगटन, 08 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) व्हाइट हाउस ने अमेरिकी रक्षा विभाग को मध्यावधि कांग्रेसी चुनावों से पहले ईरान पर हमले के विकल्प तैयार करने का निर्देश दिया है। ‘द अटलांटिक’ ने प्रशासन के दो अधिकारियों के हवाले से बुधवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
श्री ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि अमेरिका को ईरान के साथ चल रहे टकराव को “अच्छे तरीके से या बुरे तरीके से” खत्म करना होगा।
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी केन्द्रीय कमान (सेंटकॉम) इन योजनाओं को तैयार कर रहा है और संभावित हमलों के दायरे और उद्देश्यों पर चर्चा अभी भी जारी है। रिपोर्टों के मुताबिक यह कदम मध्यावधि चुनावों से पहले पेट्रोल की कीमतें कम करने और टकराव के मामले में प्रगति हासिल करने की श्री ट्रंप की इच्छा को दर्शाता है। अमेरिका और इज़रायल ने 28 फरवरी को ईरान में ठिकानों पर हमले शुरू किए, जिसके जवाब में ईरान ने भी हमले किए। जून के मध्य में तेहरान और वॉशिंगटन ने लड़ाई खत्म करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, लेकिन उसके कुछ ही समय बाद फिर से हमले हुए। फिलहाल, यह टकराव अनसुलझा बना हुआ है।
अमेरिका में तीन नवंबर को मध्यावधि कांग्रेसी चुनाव होने हैं। विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावों में रिपब्लिकन के हाथ से ‘हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव्स’ (प्रतिनिधि सभा) का नियंत्रण डेमोक्रेट्स के पास जा सकता है। विशेषज्ञ कांग्रेस में बहुमत खोने की इस संभावना का कारण ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के बीच प्रशासन की गिरती लोकप्रियता और बढ़ती कीमतों को मानते हैं।
