भोपाल, 16 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की ओर से भारतीय सेना को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज सवाल किया कि दोनों मंत्रियों के मामले में भारतीय जनता पार्टी मौन है और क्या भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सेना का अपमान करने का तय कर लिया है।
श्री पटवारी ने मीडिया में बयान जारी करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह, दोनों के मामलों में भाजपा मौन है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से जब इस बारे में पूछा गया तो वे कांग्रेस को कोसने लगे, पर भारत माता का अपमान करने वाले दोनों मंत्रियों को वे बचा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि क्या भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सेना का अपमान करने का निर्णय कर लिया है। इनके इतने वरिष्ठ विधायक सेना का अपमान कर रहे हैं पर भाजपा मौन है। अदालत संज्ञान ले रही है, पर भाजपा ने मौन धारण कर रखा है। अब भी अगर इन दोनों मंत्रियों के इस्तीफे नहीं लिए गए तो तय हो जाएगा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सेना का अपमान करने का फैसला कर रखा है।
श्री पटवारी ने घोषणा की कि कल कांग्रेस पूरे प्रदेश में इसका विरोध करेगी और इन दोनों मंत्रियों के इस्तीफे की मांग करेगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कल समूचे प्रदेश में दोनों मंत्रियों के पुतले फूंके जाएं।
