अस्थाई दिवाली बाजार में रौनक ,गुलजार हुआ शहर

नीमच। प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी नीमच शहर के मुख्य टेगोर मार्ग पर अस्थाई दिवाली बाजार सजाया गया है।दीपावली पर्व के अवसर पर सजे इस पांच दिवसीय बाजार में इस बार भी भारी रौनक देखने को मिल रही है। बाजार में स्थानीय नागरिकों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं दुकानदारों के चेहरों पर भी खुशी झलक रही है।

अस्थाई दिवाली बाजार में इस बार मिट्टी के दीपक, रंग-बिरंगे सजावटी सामान, मिठाइयाँ, परमल-पतासे, गन्ने, पूजा सामग्री, ट्रक व बसों को सजाने का सामान, गेंदे के फूलों की मालाएँ, लाइट सीरीज, पान व आम के पत्ते सहित दिवाली से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध कराई गई हैं। दीपावली पर्व की तैयारी में जुटे शहरवासी इन दुकानों से जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शाम होते ही बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन जाता है।हालांकि इस बार अस्थाई दुकानदारों को टेगोर मार्ग पर दुकानें लगाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभ में उन्हें जगह आवंटित न किए जाने से दुकानदारों में नाराजगी फैल गई थी, जिसके चलते उन्होंने दो दिन तक धरना-प्रदर्शन किया। उनकी इस मांग को लेकर शहर के कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं ने भी समर्थन दिया और नगर पालिका प्रशासन से चर्चा कर समाधान की मांग की।

अंतत: जिला प्रशासन और नगर पालिका के हस्तक्षेप से विवाद का समाधान हुआ और दुकानदारों को टेगोर मार्ग पर अपनी दुकानें लगाने की अनुमति मिल गई। इसके बाद अस्थाई दुकानदारों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया ओर नगर पालिका तथा जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया कि उनके प्रयासों से उन्हें दीपावली के अवसर पर रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ।इस प्रकार, संघर्ष के बाद सजे इस अस्थाई दिवाली बाजार ने न केवल व्यापारियों को राहत दी है, बल्कि शहरवासियों के लिए भी उत्सव की खुशियों में चार चाँद लगा दिए हैं। टेगोर मार्ग इन दिनों दीपों की रोशनी और खरीददारों की भीड़ से गुलजार है।

Next Post

कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने सीएम डॉ यादव को नाना जी स्मृति चिन्ह भेंट किया

Sun Oct 19 , 2025
सतना। चित्रकूट। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज आरोग्यधाम स्थित सभागार में चित्रकूट के समग्र विकास के संबंध में प्रबुद्ध जनों, जन प्रतिनिधि, संत, बुद्धिजीवी, समाजसेवी, वरिष्ठ नागरिक गण से चर्चा की। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को नाना जी […]

You May Like