खिमला प्लांट में ऊंचाई से गिरी लिफ्ट, छह मजदूर घायल:दो की हालत गंभीर, नीमच में वेल्डिंग कार्य के दौरान हुआ हादसा

नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित खिमला प्लांट के ग्रीनको प्रोजेक्ट में रविवार को एक दुर्घटना हो गई। प्लांट में ऊंचाई पर पाइपलाइन का काम कर रहे मजदूर लिफ्ट सहित नीचे गिर गए, जिससे छह मजदूर घायल हो गए।

प्लांट कर्मचारी नीरज मीणा के अनुसार, मजदूर पाइपलाइन पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट में तकनीकी खराबी या अन्य कारण से दुर्घटना हुई और मजदूर करीब 100 फीट नीचे गिर गए।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नीमच के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में मनोहर सिंह, चिन्मय घोष, राहुल यादव, जहीरूद्दीन अंसारी, विपिन कुमार और कमलेश शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की निगरानी की जा रही है।

दो मजदूरों की हालत गंभीर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घायलों में दो मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं तीन मजदूरों को सामान्य चोटें लगी हैं और एक को मामूली चोट आई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

दुर्घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक परियोजना में पहले भी दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि सुरक्षा उपायों को लेकर अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती जा रही है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्लांट का निरीक्षण किया गया था।

जांच में जुटे अधिकारी

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन और प्लांट प्रबंधन की ओर से विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इनका कहना है –

हादसे के वक्त लिफ्ट में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 2 मजदूर पूरी तरह सामान्य हैं। शेष 5 घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से नीमच के निजी अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही हम सभी प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे हैं । जहां तक प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरतने या घटना को छुपाने के प्रयास की बात है, तो फिलहाल ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। प्रबंधन द्वारा हादसे के तुरंत बाद प्रशासन को इसकी सूचना दे दी गई थी।

– किरण आंजना, एसडीएम, मनासा

Next Post

3 लाख रुपये देकर रचाई शादी, सात फेरे लेकर घर आई दुल्हन, 17 दिन बाद लाखों के जेवर नकदी और सपने समेटकर हुई गायब

Sun Jun 7 , 2026
नीमच। पहले शादी का वादा… फिर लाखों रुपये का लेन-देन… साथ जीने-मरने की कसमें और उसके बाद अचानक दुल्हन गायब। यह किसी फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि नीमच जिले के जावद क्षेत्र से सामने आया एक ऐसा मामला है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है और कई सवाल […]

You May Like