इंदौर। रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर इंदौर पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। शहर में महिलाओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए शक्ति मोबाइल की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोलिंग के साथ सिटी बसों, ऑटो और ई-रिक्शा में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों और नशे की हालत में घूमने वालों पर नजर रखी गई।
पुलिस टीमों ने वाहन चालकों और कंडक्टरों को भी नशे की हालत में वाहन न चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की समझाइश दी। महिला पुलिसकर्मियों ने महिला यात्रियों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने और किसी परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया।
पुलिस का कहना है कि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए शक्ति मोबाइल की टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग कर रही हैं।
