जंगल में बल्कर पलटा, लगी आग में चालक जिंदा जला

सीधी। अनियंत्रित बल्कर के पलट कर 11 हजार केव्ही विद्युत पोल से टकराने और विद्युत लाइन की चपेट में आने से आग लग गई। बल्कर में हाई वोल्टेज करंट आने और आग लगने से चालक की जिंदा जल जाने से मौत हो गई। सीधी जिले के टिकरी-महुआगांव मार्ग के जंगल में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे यह दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मिली जानकारी के अनुसार राखड़ लेने जा रहा यह बल्कर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और सीधे 11 केव्ही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट प्रवाहित तार से संपर्क होते ही वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे चालक को संभलने या बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस सहायता केंद्र टिकरी पुलिस और निगरी पावर प्लांट का फायर ब्रिगेड पहुंचा और आग बुझाया गया। पंचनामा कार्यवाही के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान फूलचंद कोल निवासी ग्राम बहेरा, थाना बहरी जिला सीधी के रूप में हुई है । बल्कर चालक निगरी प्लांट से राखड़ परिवहन का कार्य करता था। यह हादसा जंगल के बीचों-बीच होने के कारण घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं लग सकी। काफी देर बाद एक राहगीर संतोष यादव ने जलते बल्कर वाहन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह घटना तेजी से सामने आई। इस घटना की सूचना मिलते ही टिकरी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी प्रमोद तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लोगो ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने और फिर हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से आग लगने की आशंका है। हालांकि वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।

आधार कार्ड से चालक के शव की पहचान-

घटनास्थल पर ही चालक का शव बल्कर के अंदर पूरी तरह जल चुका था, जिससे पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। मृतक चालक के आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। मृतक चालक के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया।

इनका कहना है-

प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने और हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से आग लगने की आशंका है। वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर चालक का शव पूरी तरह जल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान सुनिश्चित की गई।

प्रमोद तिवारी, प्रभारी पुलिस सहायता केंद्र टिकरी

Next Post

जलूद में 60 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण, ऊर्जा क्षेत्र को मिली नई मजबूती

Wed Apr 29 , 2026
खरगोन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के जलूद महेश्वर क्षेत्र में 60 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता […]

You May Like