सागर, 18 फरवरी (वार्ता) बनारस से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस में बम रखे हाेने की सूचना पर आज इसे मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना रेलवे स्टेशन (जंक्शन) पर रोककर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन दोपहर तक इसमें बम जैसी कोई वस्तु नहीं मिली।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दल ने तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से पूरी ट्रेन की तलाशी ली। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक चले तलाशी अभियान में सूचना असत्य साबित हुयी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन संख्या 11072 कामायनी ट्रेन में बम की सूचना मिलने पर उसे बीना स्टेशन पर रोककर तलाशी ली गयी। यह ट्रेन बनारस से कानपुर, झांसी होते हुए परिवर्तित मार्ग (डायवर्टेड ट्रेक) पर थी। यात्रियों को ट्रेन से उतारने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया और इस कार्य में स्थानीय पुलिस के साथ साथ शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और आरपीएफ की टीम ने हिस्सा लिया।
