चंद्रप्रकाश मांझी गुना/राघौगढ़: राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भैंसाना धाम में 151 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधायक जयवर्धन सिंह और प्रख्यात अभिनेता आशुतोष राणा विशेष रूप से शामिल हुए। सभी अतिथियों ने महाआरती का लाभ लिया और परिसर का निरीक्षण किया।
मंच से संबोधित करते हुए आशुतोष राणा ने स्थानीय बोली के शब्दों “समझत हो न…” और “ऐसो लग रहो…” का सहजता से इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को गुदगुदाया। उन्होंने भैंसाना धाम के प्रमुख पं. पुरुषोत्तम पारीक (गुड्डा महाराज) के पुरुषार्थ की सराहना करते हुए रामसेतु का उदाहरण दिया। राणा ने रामराज्य की अवधारणा को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए जीवन के उद्धार के लिए श्रेष्ठ गुरु चुनने का आह्वान किया।
विधायक जयवर्धन सिंह ने ‘हमारे राम.. जयश्रीराम’ के नारों के साथ आशुतोष राणा की मौजूदगी को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राणा को भारतीय संस्कृति का प्रतिबिंब बताते हुए उनके प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ (जिसमें राणा रावण का अभिनय कर रहे हैं) का विशेष जिक्र किया। आयोजन के दौरान पूरा पांडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और लगातार करतल ध्वनि से गुंजायमान होता रहा।
