दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे महंगा

नयी दिल्ली, 19 मई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। तेल विपणन कंपनियों ने पांच दिन में दूसरी बार दोनों ईंधनों के दाम बढ़ाये हैं। इससे पहले, 15 मई को पेट्रोल-डीजल के मूल्य में तीन-तीन रुपये की वृद्धि की गयी थी। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में आज से पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। डीजल भी 91 पैसे महंगा हुआ। अब एक लीटर डीजल 91.58 रुपये का मिलेगा। देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 91 पैसे और डीजल की 94 पैसे बढ़ी है। वहां अब पेट्रोल 107.59 रुपये का और डीजल 94.08 रुपये का हो गया है। चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 96 पैसे महंगा हुआ है। आज से एक लीटर पेट्रोल 104.49 रुपये का और एक लीटर डीजल 96.11 रुपये का मिलेगा। कोलकाता में अब पेट्रोल की कीमत 109.70 रुपये और डीजल की 96.07 रुपये पर पहुंच गयी है। इनके दाम क्रमशः 96 पैसे और 94 पैसे बढ़े हैं।

इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इतनी ही वृद्धि की है। दिल्ली में ब्रांडेड पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 87 पैसे बढ़कर 105.76 रुपये और ब्रांडेड डीजल एक्सजी की कीमत 91 पैसे बढ़कर 96.90 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। दूसरे शहरों में भी कीमतों में लगभग इसी तरह की बढ़ोतरी की गयी है, हालांकि वैट और लॉजिस्टिक्स लागत में अंतर के कारण कीमत वृद्धि में कुछ अंतर होता है।
पेट्रोल-डीजल के दाम 30 अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार पिछले सप्ताह बढ़ाये गये थे। पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल का उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित होने से तेल विपणन कंपनियों पर दबाव है। हालांकि उन्होंने मार्च और अप्रैल में कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी। केंद्र सरकार ने मार्च में पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती करके तेल विपणन कंपनियों को राहत दी थी। भारतीय बास्केट में अप्रैल में कच्चे तेल की औसत कीमत 114.48 डॉलर प्रति बैरल रही थी जो मई में घटकर 18 मई तक औसतन 107.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गयी है।

.....

Next Post

रावत परिवारों के बीच वर्चस्व की जंग

Tue May 19 , 2026
मालवा- निमाड़ की डायरी संजय व्यास मालवा- निमाड़ की डायरी संजय व्यास। आलीराजपुर जिले की जोबट विधान सभा सीट पर रावत परिवारों में वर्चस्व की जंग छिड़ी हुई है. फिलहाल पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश पटेल (रावत) की पत्नी सेना पटेल यहां से कांग्रेस विधायक हैं. इसके पूर्व 1998 से सुलोचना […]

You May Like