कर्ज में डूबे पुत्र ने की पिता की हत्या,मोबाइल गेम खेलने की लत से बाजार में हुआ कर्ज, पिता ने खेत बेचकर चुकाया था 12 लाख का कर्ज

छिंदवाड़ा/परासिया। उमरेठ थाना क्षेत्र के ग्राम हेटी में मंगलवार की देर रात करीब 1 बजे पारिवारिक विवाद के दौरान एक पुत्र ने कथित रूप से अपने पिता पर हंसिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई को भी हंसिया के वार से गंभीर चोटें आई हैं, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गणेश पवार (58) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र अरुण पवार (32) बताया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी मोबाइल गेम खेलने का आदी था, जिसके चलते उस पर बाजार में कर्ज हो गया था। वह आए दिन पिता से पैसों की मांग करता था। बीते दिनों पिता ने एक खेत बेचकर उसके करीब 12 लाख रुपये का कर्ज चुकाया था।

बताया गया कि मंगलवार की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने पिता गणेश पवार पर हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई को भी हंसिया के वार से गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही उमरेठ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी पुत्र के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत

Wed Sep 16 , 2026
झाबुआ. पंचायत उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) के तहत झाबुआ जिले में जिला पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच पदों के लिए अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 5, सरपंच पद के लिए 8 और पंच पद के लिए 3 नाम निर्देशन पत्र […]

You May Like

मनोरंजन