बेगमगंज के युवक के साथ जैसीनगर के जंगल में अनहोनी, 5 दिन से था लापता

बेगमगंज। ग्राम भरेरू का युवक भरत पटेल, जो बीते दिनों घर से पुणे जाने के लिए निकला था, अब मृत अवस्था में सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के कंदेला गांव के जंगल में मिला है। परिजनों ने 27 जून को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बेगमगंज थाने में दर्ज करवाई थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे जैसीनगर पुलिस को जंगल में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था और करीब 5 दिन पुराना लग रहा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। इसके बाद जैसीनगर थाना पुलिस ने आसपास के थानों में जानकारी साझा की और जांच शुरू की। शव के कपड़े और हाथ में पहनी अंगूठी से उसकी पहचान भरत पिता तारा सिंह पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी भरेरू के रूप में हुई। भरत के परिजन शनिवार को जैसीनगर पहुंचे और शव की पुष्टि की। पुलिस ने शव को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर भेजा है, जहां पैनल पोस्टमार्टम किया जाएगा। थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के अनुसार, भरत कैसे वहां पहुंचा, यह परिजन भी नहीं जानते और न ही भरत से संपर्क हो पा रहा था। पुलिस अब हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है कि यह हत्या है या कोई हादसा। यह मामला अब धीरे-धीरे रहस्य बनता जा रहा है, जिसकी गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी है।

Next Post

चार्जशीट पेश होने के बावजूद नहीं मिली जमानत: गौ हत्या के आरोपी जेल में ही रहेंगे

Mon Jun 30 , 2025
दमोह. क्रूरतापूर्वक गौ हत्या व उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के गंभीर मामले में अपर सत्र न्यायाधीश संतोष कुमार गुप्ता ने आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है.मामले में शासन की ओर से पैरवी शासकीय अभिभाषक राजीव बद्री सिंह ठाकुर द्वारा की […]

You May Like