पटवारी का आरोप: डबल इंजन सरकार फेल, फंड नहीं मिलने से विकास ठप

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे एक खुले पत्र में प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में केंद्र सरकार ने राज्य को विभिन्न योजनाओं के लिए निर्धारित ₹44,355.95 करोड़ में से केवल ₹8,027.12 करोड़ की राशि जारी की है, जो कुल प्रावधान का मात्र 18.07 प्रतिशत है।

पटवारी ने इस स्थिति को प्रदेश की वित्तीय स्थिरता और विकास दोनों के लिए बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि तथाकथित ‘डबल इंजन सरकार’ पूरी तरह वित्तीय मोर्चे पर असफल साबित हुई है। केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद, मध्य प्रदेश को केंद्र की योजनाओं का पूरा फंड नहीं मिलना इस बात का प्रमाण है कि दोनों इंजनों में तालमेल नहीं बल्कि टकराव है।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और राज्य मंत्रिमंडल में चल रहे आंतरिक मतभेद अब जनहित से जुड़ी योजनाओं पर भी असर डाल रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह जैसे वरिष्ठ नेता भी अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहे हैं।

पटवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम ई-बस योजना, उप-स्वास्थ्य केंद्र, नए मेडिकल कॉलेज, केन-बेतवा परियोजना और नगरीय विकास से जुड़ी अन्य योजनाओं में फंड न मिलने से विकास कार्य ठप हो गए हैं, जिसका सीधा असर ग्रामीण और शहरी गरीबों पर पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण केंद्र ने फंड जारी नहीं किया, जिससे सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं।

अंत में पटवारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे केंद्र से फंड जारी करवाने के लिए ठोस पहल करें, भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच कराएं और रुकी हुई योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं ताकि जनता को राहत मिल सके।

Next Post

पटाखों से पहले फूटे जुए के फड़, पुलिस ने चार दर्जन जुआरी पकड़े

Wed Oct 22 , 2025
गुना। जिले में अवैध जुए-सट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में जिले के कैंट, चांचौड़ा, म्याना और धरनावदा थानों की टीमों ने एक ही दिन में चार दर्जन के करीब जुआरियों को पकडऩे में सफलता हासिल की है। इन कार्यवाहियों में […]

You May Like