बुधनी। गुरुवार शाम करीब 5 बजे नेशनल हाईवे 46 मिडघाट क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार की टक्कर से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, भोपाल की ओर से आ रही एक कार ने सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग दुर्गाप्रसाद आ. रामलाल निवासी नर्मदापुरम को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पत्नी माला मांझी ने बताया कि वह अपने पति और बेटे शिवा मांझी के साथ जंगल लकड़ी बिनने गए थे. लौटते समय सभी लोग एक वाहन में बैठ रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने टक्कर मार दी. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कार चालक को रोक लिया गया. लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को उसी कार से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. कार में एक युवक और उसका बेटा सवार थे, जो भोपाल की ओर से आ रहे थे. हादसे के बाद सिविल अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया. शव को पीएम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है.
कार की टक्कर से बुजुर्ग राहगीर की मौत
