कांग्रेस पूरी तरह से ‘मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस’ बन चुकी है: भाजपा

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने हिंदू राष्ट्रवाद को लेकर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि कांग्रेस अब पूरी तरह से ‘मुस्लिम लीग-माओवादी’ कांग्रेस बन चुकी है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री अंसारी के बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि श्री अंसारी ने खुद ही उजागर कर दिया है कि कांग्रेस अब पूरी तरह से ‘मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस’ बन चुकी है।

उन्होंने कहा, “पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने 2019 में लिखी गयी एक किताब का हवाला देते हुए कहा है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू साम्यवाद को उतना बड़ा खतरा नहीं मानते थे, जितना हिंदू राष्ट्रवाद को मानते थे। इस बात को उजागर करने के लिए मैं हामिद अंसारी को बधाई देना चाहता हूं।”
उन्होंने कहा, “आज की कांग्रेस पूरी तरह अति-वामपंथ की ओर जा चुकी है। यानी वह सिर के बल साम्यवाद में डूब चुकी है।” इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि श्री गांधी की सोच बिल्कुल पंडित नेहरू की तरह है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में 02 जून 2023 को भाजपा को सांप्रदायिक बताया था और कहा था कि मुस्लिम लीग पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष है, मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है।”

श्री त्रिवेदी ने कहा, ” विकिलीक्स के अनुसार, 2011 में श्री गांधी ने अमेरिकी राजदूत से मुलाकात की थी और कहा था कि उनके लिए लश्कर-ए-तैयबा की तुलना में हिंदू उभार ज्यादा बड़ा खतरा है। मैं यह नहीं कहता कि विकिलीक्स की हर बात तथ्यात्मक रूप से सही है, लेकिन कांग्रेस ने कभी इसका खंडन नहीं किया। श्री गांधी की सोच बिल्कुल पंडित नेहरू जैसी है।” भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह वही मुस्लिम लीग है, जिसकी स्थापना मोहम्मद अली जिन्ना ने की थी और जिसके साथ कांग्रेस केरल में सरकार चला रही है।

उन्होंने मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित श्री गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उपहास उड़ाये जाने को लेकर कांग्रेस और श्री गांधी पर हमला बोला और कहा कि आज वास्तविक रचनात्मकता और दृष्टि के अभाव में कांग्रेस हंसी-मजाक के शो से स्टैंड-अप कॉमेडी और स्टैंड-अप कॉमेडी से अश्लीलता तक पहुंच गयी है। श्री त्रिवेदी ने कहा, “मेरा मानना है कि कांग्रेस को इस पर आत्मचिंतन करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि श्री गांधी की हरकतों और कृत्यों की कड़ी निंदा करते हुए मैं कहना चाहता हूं कि उन्होंने न केवल संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, न केवल विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि अपनी पार्टी और अपने परिवार दोनों की गरिमा को भी धूमिल किया है।”

.....

Next Post

बुकिंग-लोडिंग बंद, भोपाल में भारी जुर्माने के खिलाफ ट्रांसपोर्टरों का चक्का जाम

Mon Sep 21 , 2026
भोपाल। राजधानी भोपाल में ट्रांसपोर्टरों ने भारी जुर्माने और परिवहन संबंधी समस्याओं के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। लोकल ट्रांसपोर्ट जागरूकता सहायता समिति के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टरों ने चुनाभट्टी चौराहे पर चक्का जाम करने की घोषणा की है। इसके साथ ही माल की बुकिंग और लोडिंग भी बंद […]

You May Like