सतना: जिले के रैगांव थाना क्षेत्र के करसरा गांव में शुक्रवार दोपहर ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब आधा दर्जन किसानों की लगभग 10 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई, बताया गया कि जब ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिरी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और आसपास के कई खेत इसकी चपेट में आ गए। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग से प्रभावित किसानों में बेटू शुक्ला, रामकलेश शुक्ला, राजू पयासी, विद्याधर शुक्ला, प्रेमलाल शुक्ला और मनमोहन शर्मा शामिल हैं।
इन किसानों को अपनी सालभर की मेहनत का भारी नुकसान हुआ है। आग लगते ही ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बोरिंग के पानी और खेतों की मेड़ों को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फसल को भारी क्षति हो चुकी थी।प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ट्रांसफार्मर की नियमित जांच और सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
नरवई में भड़की आग
मैहर जिले के सोनवारी इलाके में टोल प्लाजा के पास खेतों में फैली नरवाई में अचानक भीषण आग लग गई। हवा के चलते आग ने इतनी तेजी पकड़ी कि पास के खेतों में खड़ी किसानों की तैयार फसलें जलने की कगार पर पहुंच गईं। आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं, लेकिन दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और काफी मेहनत के बाद इसे बुझा दिया। ग्रामीणों ने अपने पास मौजूद पानी के संसाधनों और अन्य तरीकों से मदद की, जिससे आग को जल्द काबू करने में बड़ी सफलता मिली।
