
उज्जैन। इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी हिल्स से मंगलवार को दर्दनाक हादसा होना सामने आया। जहरीली गैस से चार मासूम भाई बहन बेसुध हो गए। चारों को अस्पताल ले जाया गया जहां डेढ़ माह की नवजात बालिका की मौत हो गई तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि शाजापुर से पूजा पति राहुल अपनी दो बेटी त्रिशा डेढ़ माह और जेनिश 5 साल के साथ अपने पिता लालचंद प्रजापत के यहां त्रिवेणी हिल्स आई हुई थी। पूजा की बहन रीना भी अपने दो बच्चे अनु 4 साल और बाबू साढ़े 3 माह के साथ पिता लालचंद प्रजापत के यहां त्रिवेणी हिल्स आ गई थी। पिता ने घर में चार क्विंटल गेहूं भरे थे और एक कमरे में रखे थे। गेहूं में सल्फास के पाउच रखे गए थे जिससे गेहूं खराब ना हो। लेकिन कमरे में जहरीली गैस फैल गई और चारों बच्चे बेसुध हो गए।
त्रिशा की हालत सबसे ज्यादा गंभीर होने पर मंगलवार सुबह उसे अस्पताल ले जाया गया जहां दोपहर में उसकी मौत हो गई इस बीच जेनिशा, अनु और बाबू की भी हालत बिगडऩे लगी थी उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया जहां जेनिशा की हालत गंभीर बनी हुई थी वहीं दो अन्य बच्चों की हालत भी चिंताजनक थी। घटनाक्रम की जानकारी लगने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची थी वहीं जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया था।
पिता के घर आई दो बहनों के बच्चों के साथ हुई घटना
पिता के घर आई दो बहनों के बच्चों के साथ हुई घटना के बाद पूरे परिवार का माहौल गमगीन हो गया था, आसपास के लोग भी घटना की जानकारी लगने के बाद प्रजापत परिवार के दुख में दुखी हो गए थे। त्रिशा का पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया है। टीआई के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
