
सीधी । जिले के रामपुर नैकिन अंचल के ग्राम लोढ़ाऊटा में गुरुवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण एक विशाल आम का पेड़ बिजली ट्रांसफार्मर पर गिर गया, जिससे ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से चार गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो 14 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही।
गुरुवार रात करीब 9 बजे अचानक मौसम बिगड़ा और आंधी-तूफान शुरू हो गया। लोढ़ाऊटा गांव में ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरने से वह चकनाचूर हो गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि करीब 8 बिजली के पोल भी धराशायी हो गए थे और कई जगह बिजली के तार टूटकर जमीन पर बिखर गए थे, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था।
कई इलाकों में बिजली पूरी तरह गुल-
घटना के कारण ग्राम मढ़ा, लोढ़ाऊटा, आमडाड़ और बसेड़ी सहित आसपास के कई इलाकों में बिजली पूरी तरह गुल हो गई। बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्यों में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था पहले से ही खराब चल रही थी। आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण गांवों के अंधेरे में डूबने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बदहाल थी, लेकिन समय पर रखरखाव न होने से नुकसान और बढ़ गया।
तारों को सुधारने का कार्य शुरू किया-
बिजली कंपनी के कनिष्ठ अभियंता सत्य प्रकाश शाह ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टूटे हुए तारों को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए पत्र भेजा गया है और टूटे हुए बिजली पोल हटाकर नए पोल लगाए जाएंगे ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
