संगम विहार में एलपीजी रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया , 183 सिलेंडर ज़ब्त

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में चल रहे अवैध एलपीजी रिफिलिंग और जमाखोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के धार पर एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों ने तीन किराए के गोदामों पर छापा मारा और रिफिलिंग के उपकरणों के साथ कुल 183 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में शामिल चार आरोपियों शेर सिंह , सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (दरियागंज) राहुल अग्रवाल ने बताया कि ये चारों आरोपी उस इलाके में चल रही एक अधिकृत इंडेन एलपीजी वितरक से जुड़े पंजीकृत डिलीवरी कर्मचारी हैं। जब्त स्टॉक में 154 भरे हुए और 29 खाली सिलेंडर शामिल थे। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 तथा भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जांच के दौरान पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपियों ने अपने दैनिक डिलीवरी कोटे से सिलेंडरों को दूसरी जगह भेज दिया और उन्हें उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के बजाय किराए की जगहों पर अवैध रूप से जमा कर लिया। इसके बाद उन्होंने अनाधिकृत उपकरणों, लोहे के पाइपों, पोकर और तराज़ू का इस्तेमाल करके भरे हुए सिलेंडरों से 1-2 किलोग्राम गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भर दिया। इन रिफिल किए गए सिलेंडरों को खुले बाज़ार में बढ़ी हुई कीमतों पर बेचा जाता था, जिससे उन्हें अवैध मुनाफा होता था।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है और आगे की अनियमितताओं की पहचान करने के लिए आपूर्ति श्रृंखला की पड़ताल कर रही है।

Next Post

बंगाल में पहली पूरक मतदाता सूची से 12 लाख नाम हटाए गए

Thu Mar 26 , 2026
कोलकाता, (वार्ता) चुनाव आयोग की ओर से जारी पश्चिम बंगाल के मतदाताओं की पहली पूरक सूची से 12 लाख नाम हटा दिए गए हैं। चुनाव आयोग के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक सोमवार आधी रात से कुछ […]

You May Like