
छतरपुर। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आज गुरुवार को जानराय टौरिया में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। दोपहर करीब 12:30 बजे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल नजर आया।
इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अष्टधातु से निर्मित 51 फीट ऊंची भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भाग लिया। प्रतिमा के अनावरण के बाद उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर हनुमान जी के दर्शन किए और भक्तों को आशीर्वाद दिया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हनुमान जी की भक्ति से जीवन की हर बाधा दूर होती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
