
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव नहीं, बल्कि बदलाव का अवसर है और राज्य की जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है।
सीएम यादव ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासन में आम जनता, विशेषकर हिंदू समाज, उपेक्षित और परेशान है। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में युवाओं का पलायन बढ़ा है और रोजगार के अवसर घटे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए यादव ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में है और गरीबों, किसानों तथा वंचित वर्गों के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने भाजपा की नीतियों को समावेशी बताते हुए कहा कि एससी-एसटी और गरीब वर्ग को सशक्त बनाने का काम केवल भाजपा ने किया है।
सभा के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा की जीत तय है और जनता ममता सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।
