किसानों ने कपूरथला जिले में तीन स्थानों पर मोदी और ट्रंप के फूंके पुतले, समझौता रद्द करने की मांग

कपूरथला, 24 जून (वार्ता) किसान मजदूर संघर्ष समिति (केएमएससी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पंजाब में कपूरथला जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके।

प्रदर्शनकारियों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को तत्काल रद्द करने की मांग की। जानकारी के अनुसार तलवंडी चौधरियां पुल के निकट जिला अध्यक्ष सरवन सिंह बाऊपुर की अगुवाई में करीब 30 से 35 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार की व्यापार नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गयी और आरोप लगाया गया कि प्रस्तावित समझौता किसानों और मजदूरों के हितों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

इसी प्रकार नडाला चौक में नडाला जोन के अध्यक्ष निशान सिंह के नेतृत्व में 25 से 30 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पुतले फूंके और व्यापार समझौते का विरोध जताया।

एक अन्य प्रदर्शन इब्बन गांव में किया गया, जहां कोट करार खान जोन के अध्यक्ष परमजीत सिंह की अगुवाई में 30 से 35 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित समझौते को वापस लेने की मांग दोहराई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ मिलेगा, जबकि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार को ऐसे किसी भी समझौते से पीछे हटना चाहिए जो किसानों के लिए प्रतिकूल साबित हो।

प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहे। अधिकारियों के अनुसार तीनों स्थानों पर कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पूरे समय कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रही।

 

 

Next Post

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में लीपापोती का प्रयास कर रही एसआईटी: अजय राय

Wed Jun 24 , 2026
लखनऊ, 24 जून (वार्ता) अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। इस बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि सरकार किसी सिटिंग […]

You May Like