सतना : कार में लादकर ले जाई जा रही पौने 5 लाख रु की नशे की खेप मैहर पुलिस ने पकड़ लिया. इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोच लिया है. जिनसे पूछताछ करते हुए नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी को मुखबिर के जरिए नशे की खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तैयार कर रवाना कर दिया गया.
रामवन पथ गमन रोड, जीतनगर मोड़ के पुल के नीचे की सर्विस लेन पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए एक काले रंग की डस्टर कार क्र. उमपी 19 सीसी 3342 को रोक लिया. वाहन में सवार 3 लोगों की तलाशी लेने के बाद जैसे ही कार की डिग्गी खोली गई तो उसमें सफेद रंग की बोरियां रखी गई गईं. जिन्हें खोलकर देखने पर गांजा और नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप पाई गई. कार की डिग्गी में रखे कुल गांजे का वजन 27 किलो 200 ग्राम पाया गया.
जिसका बाजार मूल्य 4 लाख 10 हजार रु आंका गया. इसके साथ ही नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप की 221 शीशियां पाई गईं. जिसकी कीमत 65 हजार रु आंकी गई. इसी कड़ी में कार सवार तीनों आरोपियों सुरेंद्र पटेल निवासी खैरा, अंकुश जायसवाल निवासी पोड़ी और अमन कुशवाहा उर्फ अंकुश निवासी पोड़ी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20, 21, 22, 29 और 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया.
कुख्यात तस्कर का भतीजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नशे की खेप के साथ पकड़ा गया एक आरोपी अंकुश जायसवाल दरअसल कुख्यात गांजा, शराब और नशीली दवा के तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा का भतीजा है. वहीं पकड़े गए मुख्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ रामनरेश पटेल के विरुद्ध कोतवाली मैहर और सिविल लाइन सतना थाने में कई प्रकरण दर्ज हैं. जिनमें जुआ एक्ट, आबकारी एक्ट, आम्र्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे अपराध सम्म्लिित हैं. पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर नशे से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है
