इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में भीषण आग, रेस्क्यू के दौरान दीवार और बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत

ग्रेटर नोएडा, 04 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-तृतीय थाना क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो फायरकर्मियों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 3/4 अगस्त की मध्य रात्रि में ईकोटेक-तृतीय थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना पुलिस और फायर विभाग को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान में जुट गईं।

इसी दौरान कंपनी परिसर की साइड की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आकर फायर सर्विस के मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है। चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फायर विभाग के अधिकारी तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे ने फायर सर्विस विभाग और स्थानीय प्रशासन को गहरा झटका दिया है। आग बुझाने के दौरान कर्तव्य निभाते हुए दो फायरकर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।

 

 

Next Post

मवेशी को बचाने के चक्कर में पलटा केला लदा ट्रक, रात भर गुल रही बिजली

Tue Aug 4 , 2026
छतरपुर। दरगुवां तिराहा के पास देर रात केला से भरा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP 68 ZA 8271 सागर […]

You May Like