सतना:चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में चल रहे बिजली के संकट को देखते हुये क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने बताया कि उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत, रीवा से चर्चा कर 37 ट्रांसफ़ॉर्मर तत्काल मंगवाये हैं। क्षेत्र में जो जले और बिगड़े ट्रांसफॉर्मर आंशिक बिल भुगतान कर पात्रता की श्रेणी में आ चुके हैं, वहाँ इन्हें वरीयता अनुसार लगवाया जायेगा।
श्री गहरवार ने कहा कि बिजली की समस्या से न केवल किसान, बल्कि आमजन जूझ रहा है, जिसमें बिजली विभाग की अनदेखी और स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों की लापरवाही और कमीशनखोरी सामने आयी है। विदित हो कि इन्हीं समस्याओं को ले कर हाल ही में बिरसिंहपुर में भाजपा के ही कार्यकर्ताओं ने बिजली दफ्तर का घेराव भी किया था।
मुख्य अभियंता से चर्चा अनुसार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 6 सब स्टेशन बैरहना, बिरसिंहपुर, जैतवारा, मझगवां, बरौंधा और चित्रकूट के लिये 25kVA के 26, 63kVA के छह, 100kVA के चार एवं 200kVA का एक ट्रांसफॉर्मर अगले 3-4 दिन में मिल जायेंगे जो सिर्फ चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे।
