सिंगरौली/मोरवा: मोरवा की पुरानी सब्जी मंडी में रविवार सुबह एक विशाल महुआ का पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया। पेड़ बिजली ट्रांसफार्मर और फल की दुकानों के समीप गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय उसकी चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से आसपास की बिजली लाइनें भी प्रभावित हुईं।
मोरवा में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। पुरानी सब्जी मंडी का क्षेत्र बाजार के दौरान अत्यधिक भीड़भाड़ वाला रहता है। ऐसे में यदि पेड़ बाजार के व्यस्त समय में गिरता तो कई लोगों के इसकी चपेट में आने की आशंका थी।
ट्रांसफार्मर के पास गिरने से बढ़ा खतरा
पेड़ के ठीक समीप विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है। पेड़ गिरने के दौरान बिजली के तार भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेड़ सीधे ट्रांसफार्मर या विद्युत लाइनों पर गिरता तो करंट फैलने से गंभीर हादसा हो सकता था। सूचना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित लाइन को व्यवस्थित करने का काम शुरू किया।
जर्जर पेड़ों की जांच पर सवाल
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में खड़े पुराने और विशाल पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में खड़े कमजोर और जर्जर पेड़ों की समय रहते जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों ने मंडी क्षेत्र में मौजूद अन्य बड़े पेड़ों का भी निरीक्षण कराने की मांग की है।
