जूनापानी हत्याकांड: बहू को लेने गए परिवार पर हमला, एक मृत

बैतूल। बैतूल जिले में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब बहू को मायके से विदा कराने पहुंचे एक परिवार पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना भैंसदेही क्षेत्र के ग्राम जूनापानी में हुई। मरामझिरी निवासी प्रवीण मरकाम अपने परिवार के साथ बड़े बेटे की पत्नी को वापस ससुराल लाने के लिए उसके मायके पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

परिजनों के मुताबिक, बहू के मायके पक्ष ने आगंतुकों को पानी पीने के लिए दिया था लेकिन परिवार के सदस्यों ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वे पहले ही पानी पीकर आए हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और बाद में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर लात-घूंसों से मारपीट शुरू हो गई।

इस दौरान प्रवीण मरकाम के दोनों बेटे, आकाश मरकाम और विशाल मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सोमवार सुबह जांच के बाद आकाश मरकाम को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल मरकाम का ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

मृतक आकाश मरकाम के पिता प्रवीण मरकाम ने बताया कि उनका छोटा बेटा सोनाघाटी क्षेत्र में मेडिकल स्टोर का संचालन करता था। वहीं बड़ा बेटा विशाल मरकाम वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विशाल मरकाम की पत्नी कुछ समय पहले एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मायके गई थी लेकिन बाद में वापस ससुराल नहीं लौटी। इसी कारण परिवार उसे लेने जूनापानी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि बहू के लंबे समय तक वापस नहीं लौटने से ससुराल पक्ष नाराज था, जबकि विवाह समारोह में विशाल के शामिल नहीं होने को लेकर मायके पक्ष में भी नाराजगी थी। इसी पृष्ठभूमि में दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Next Post

महापौर-अध्यक्ष किनारे, पार्षद हुए लामबंद

Mon Jun 22 , 2026
विंध्य की डायरी डा. रवि तिवारी रीवा नगर निगम में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है । यहां महापौर और अध्यक्ष दोनों अलग-अलग दल से है और इस समय दोनों से कांग्रेस और भाजपा के पार्षद नाखुश चल रहे है. कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों का एक साथ आना […]

You May Like