
भोपाल। शहरवासियों को मेट्रो की सौगात 20 दिसंबर से मिलने जा रही है. मेट्रो सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि विभागों के आपसी कंफ्यूजन के चलते 21 दिसंबर की तारीख की बात सामने आई थी. इसे दुरूस्त करते हुए भोपालवासी अब एक दिन पहले ही लोग मेट्रो में बैठकर सफर का आनंद उठा सकेंगे.
मिली जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर को शाम के करीब 5 बजे मेट्रो का शुभारंभ किया जाएगा. केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॅा मोहन यादव शुभारंभ मौके पर सुभाष नगर मेट्रो डिपो से एम्स तक सफर करेंगे. एम्स स्टेशन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री यादव मेट्रो की सौगात से संबंधित जानकारियां साझा करेंगे. शुभारंभ कार्यक्रम मिंटो हाल में आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी वर्जुअल माध्यम से जुड सकते हैं.
भोपाल में सुभाष नगर डिपो, एमपीनर में बने डीबी स्टेशन, प्रगति, रानी कमलापति, डीआरएम और एम्स स्टेशनों तक मेट्रो शुरूआती समय में चलने जा रही है. इन स्टेशनों पर लगातार मेट्रो का ट्रायल रन पूरा भी कर लिया गया है. इसके बाद शहर के अन्य हिस्सों में बन रहे स्टेशनों के निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद मेट्रो शहर के सभी कोनों में दौड़ेगी. शुभारंभ मौके पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर मेट्रो प्रबंधन की तरफ से तैयारियां भी पूरी कर ली गई है.
